एशियन गेम्स 2026 का आगाज, भारत की नजर पदकों पर जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स की आज से आधिकारिक शुरुआत हो गई है। 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस बड़े खेल आयोजन में एशिया के 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं। हालांकि, कुछ खेलों के मुकाबले उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो चुके हैं। अब आधिकारिक शुरुआत के साथ प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया है और दुनिया की नजरें खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं। भारत के लिए भी एशियन गेम्स का यह संस्करण काफी महत्वपूर्ण है। उद्घाटन समारोह में भारतीय दल की ओर से मनु भाकर और पवन सहरावत ध्वजवाहक के रूप में नजर आए। शुरुआत में पुरुष ध्वजवाहक के तौर पर शॉटपुट खिलाड़ी ताजिंदरपाल सिंह तूर का नाम तय किया गया था, लेकिन समारोह से पहले इसमें बदलाव किया गया। भारत इस बार शूटिंग, एथलेटिक्स, कुश्ती, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, कबड्डी और क्रिकेट समेत कई खेलों में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहा है। नए खेलों में शामिल टे़कबॉल में भी भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। पिछले एशियन गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण पदक शामिल थे। अब भारतीय दल की कोशिश इस प्रदर्शन को और आगे ले जाने की होगी। आने वाले दिनों में कई बड़े मुकाबले खेले जाएंगे और भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर देशभर की नजर रहेगी। हर मुकाबला भारत के पदक अभियान के लिहाज से अहम होगा। The News Plus 99 के साथ जुड़े रहिए—